
नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने शुक्रवार को राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक भव्य समारोह में 2024 के राष्ट्रीय खेल पुरस्कार प्रदान किए। इस अवसर पर कई प्रमुख खिलाड़ियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।
मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार प्राप्तकर्ता:
- डी. गुकेश (विश्व शतरंज चैंपियन)
- मनु भाकर (पिस्टल निशानेबाज, पेरिस ओलंपिक में दो पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला)
- हरमनप्रीत सिंह (भारतीय हॉकी टीम के कप्तान)
- प्रवीण कुमार (पैरा हाई-जंप, पेरिस पैरालिंपिक में स्वर्ण पदक विजेता)

ये पुरस्कार चार वर्षों में खेल के क्षेत्र में किसी खिलाड़ी द्वारा किए गए शानदार और सबसे उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रदान किए जाते हैं। मनु भाकर ने ओलंपिक के एक ही संस्करण में दो पदक जीतकर इतिहास रचा, जबकि हरमनप्रीत सिंह ने भारतीय हॉकी टीम को लगातार दूसरा कांस्य पदक दिलाया। डी. गुकेश 18 वर्ष की आयु में शतरंज का विश्व चैंपियन बनने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बने। प्रवीण कुमार ने पैरालिंपिक में स्वर्ण पदक जीतकर अपनी कैटेगरी में इतिहास रचा।
द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित कोच:
- पैरा निशानेबाजी कोच सुभाष राणा,
- निशानेबाजी कोच दीपाली देशपांडे,
- हॉकी कोच संदीप सांगवान,
- बैडमिंटन कोच एस. मुरलीधरन,
- फुटबॉल कोच अरमान्डो एग्नेलो कोलाको को द्रोणाचार्य पुरस्कार प्रदान किया गया।
अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित 32 खिलाड़ी: इस वर्ष 32 खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया गया, जिनमें एथलीट ज्योति यरराजी, अनन्नू रानी, मुक्केबाज नीतू और स्वीटी, और पैरा तीरंदाज राकेश कुमार शामिल हैं।
लाइफ टाइम अर्जुन पुरस्कार:
एथलीट सुच्चा सिंह और पैरा तैराक मुरलीकांत पेटकर को लाइफ टाइम अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
मौलाना अबुल कलाम आजाद ट्रॉफी:
खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स में समग्र रूप से शीर्ष प्रदर्शन करने के लिए चण्डीगढ़ विश्वविद्यालय को मौलाना अबुल कलाम आजाद ट्रॉफी दी गई।
इस कार्यक्रम में भारत के खेल क्षेत्र के सर्वोत्तम खिलाड़ियों और कोचों की मेहनत और उत्कृष्टता को सराहा गया।