Alwar Petrol Pump Firing: पेट्रोल के 898 रुपये मांगने के बाद सेल्समैन को गोली, आरोपी गिरफ्तार

अलवर के बुर्जा स्थित नायरा पेट्रोल पंप पर दिनदहाड़े फायरिंग। सेल्समैन को गोली मारने के बाद आरोपी फरार हुआ, पुलिस ने एक घंटे में गिरफ्तार कर लिया।

खबर का महारथी, अलवर | राजस्थान के अलवर जिले के सदर थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह दिनदहाड़े हुई फायरिंग की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। बुर्जा बाइपास स्थित नायरा पेट्रोल पंप पर एक बाइक सवार युवक ने पेट्रोल भरवाने के बाद सेल्समैन पर गोली चला दी। पूरी वारदात पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज एक घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

 पूरी घटना का वीडियो देखें :

पेट्रोल भरवाया… फिर सेल्समैन पर चला दी गोली

जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 11:35 बजे एक बाइक सवार युवक बुर्जा बाइपास स्थित नायरा पेट्रोल पंप पर पहुंचा। पेट्रोल भरवाने के बाद सेल्समैन सचिन ने उससे 898 रुपये मांगे। इसी दौरान आरोपी ने कथित तौर पर जेब से देसी कट्टा निकाला और सेल्समैन पर फायर कर दिया। गोली लगने से सचिन गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ा, जबकि आरोपी बाइक लेकर फरार हो गया।

CCTV फुटेज आया सामने

घटना की पूरी वारदात पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। फायरिंग के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मौके का निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

घायल सेल्समैन जयपुर रेफर

गंभीर रूप से घायल सचिन को पहले अलवर जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जयपुर रेफर कर दिया गया। फिलहाल उसका उपचार चिकित्सकों की निगरानी में जारी है।

एक घंटे में आरोपी गिरफ्तार

घटना के बाद पुलिस ने पूरे जिले में नाकाबंदी कराई। पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते महज एक घंटे के भीतर आरोपी को हिरासत में ले लिया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी कठूमर थाना क्षेत्र का रहने वाला है। उससे पूछताछ की जा रही है और वारदात में प्रयुक्त हथियार सहित अन्य पहलुओं की जांच जारी है।

पुलिस हर पहलू की कर रही जांच

पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। आरोपी से पूछताछ के आधार पर घटना के पीछे की वजह और अन्य तथ्यों का पता लगाया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

क्या बोले आईजी राहुल प्रकाश

जयपुर रेंज के आईजी राहुल प्रकाश ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही जिलेभर में नाकाबंदी कराई गई और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है।

क्या बोले पेट्रोल पंप संचालक

पेट्रोल पंप संचालक अमन अग्रवाल ने बताया कि घटना अचानक हुई। फायरिंग के बाद कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके बाद तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी गई।

Related Posts

RPSC सेकंड ग्रेड परीक्षा में सेंटर को लेकर भ्रम, गलत सायपुरा पहुंचे अभ्यर्थी; एडमिट कार्ड में केंद्र का नाम था सही

RPSC सेकंड ग्रेड परीक्षा में कुछ अभ्यर्थी गलत सायपुरा गांव पहुंच गए। एडमिट कार्ड में केंद्र सही था, लेकिन एक जैसे नाम वाले गांवों से भ्रम की स्थिति बनी। वीडियो…

150 किलो संदिग्ध मिलावटी पनीर जब्त-10,680 कैफिनेटेड पेय की बोतलें सीज

कोटपूतली-बहरोड़ में खाद्य सुरक्षा विभाग ने 150 किलो संदिग्ध मिलावटी पनीर जब्त कर 10,680 कैफिनेटेड पेय की बोतलें सीज कीं। एफएसएसएआई मानकों के उल्लंघन और भ्रामक प्रचार के आरोप में…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *